Monday, 2 April 2018

जंग-ए-आजादी हो या देश सेवा हर क्षेत्र में पाया मुकाम

मोतिगरपुर । स्थानीय विकासखंड की करीब 2500 से अधिक आबादी वाली ग्राम पंचायत लामा बनकठा धमरुआ राजपरिवार के राजपुरोहित श्री चन्द्रभूषण दत्त पाण्डेय की छत्रछाया में पली-बढ़ी। राजपरिवार के दुलारे बाबू कामेश्वर सिंह आजादी की लड़ाई में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ जमकर लड़े थे। देश आजाद होने के बाद स्वतंत्रता संग्राम में शामिल पढ़े-लिखे युवाओं को लेकर आयोजित पीपीएस परीक्षा के माध्यम से प्रशासनिक सेवा में वर्ष 1948 में चयनित हुए। वर्ष 1973 में आईएएस संवर्ग में प्रोन्नति के बाद पुलिस अधीक्षक के पद से 1980 में सेवानिवृत्त हुए। सेवानिवृत्त के बाद स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कल्याण परिषद का निदेशक/सचिव भी सुशोभित किया। इनके बड़े पुत्र विनय सिंह सेना में मेजर जनरल व रॉ में संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी निभाई। पौत्र अक्षय सिंह व उनकी पत्नी अमन सिंह ने भी देश सेवा का ही क्षेत्र चुना। पारिवारिक जिम्मेदारियों के चलते अमन सिंह ने कैप्टन के पद से स्वैच्छिक सेवानिवृत्त ले लिया। गाँव के ही हौसिला प्रसाद मिश्र साहित्य के क्षेत्र में कई पुस्तकें लिखी है। सुरेश चंद्र मिश्र हिंदी प्रवक्ता के रूप में हाथरस में तैनात है। गाँव के ही पूर्णेन्दु सिंह व उनकी पत्नी शुभ्रा सिंह पुलिस क्षेत्राधिकारी के रूप में इलाहाबाद में अपनी सेवाएं दे रहे है। दर्जनों की संख्या में गाँव युवा शिक्षा, राजस्व, निजी क्षेत्रों में काम करते हुए गाँव का नाम रोशन कर रहे है। जिले के शासन की दमनकारी नीतियों, छात्र हितों, किसानों और पीड़ितों की समस्याओं को लेकर आये दिन सड़क पर संघर्ष करने वाले अभिषेक सिंह "राणा" खुद इस गाँव की बड़ी पहचान है।

क्या कहते हैं ग्रामीण------

गाँव के अंदर अधिकांश संपर्क मार्ग जर्जर है। नहर के किनारे का गाँव होने के कारण जलभराव की समस्या बनी रहती है। प्राथमिक विद्यालय लामा बनकठा का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। शासन से इस सभी कार्यों के लिए अतरिक्त धन के लिए प्रयासरत है।
                      ----- हौसिला यादव - (ग्राम प्रधान)

1- दियरा उपकेन्द्र के मोतिगरपुर फीडर से आनेवाली विद्युत आपूर्ति आये दिन जर्जर तारों व खराब उपकरणों के चलते बाधित रहती है। आपूर्ति को सुचारू रूप से चलाने के लिए तारों व उपकरणों को बदला जाना आवश्यक है।
                 ---- घनश्याम मिश्र (ग्रामीण)

2- शारदा सहायक खंड-16 नहर से गाँव के अंदर जाने वाला संपर्क मार्ग वर्षों से आधा-अधूरा है। शीघ्र ही उसका निर्माण कराया जाना अत्यंत आवश्यक है ।
                           ---- जितेंद्र यादव (ग्रामीण)

3- गाँव के किसानों का सिंचाई का एकमात्र साधन नहर है। शारदा सहायक नहर से निकली बेसना और पारसपट्टी माइनर की सफाई सिर्फ कागजों में होती है। दोनों माइनरों की सफाई करनी आवश्यक है, जिससे सभी किसानों के खेतों की सिंचाई हो सके।          
                             ----- सलारू (ग्रामीण)

4- वर्ष 1973 में स्थापित जनता क्लब द्वारा प्रतिवर्ष मकर संक्रांति पर राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के बावजूद आजतक गाँव में खेल के मैदान का अभाव है। खेल मैदान बनना आवश्यक है।
                       ---- अशोक सिंह  (ग्रामीण)

5- गांव में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य स्थापित पानी की टंकी की सप्लाई ग्रामीणों के घरों तक करा कर, उन्हें स्वच्छ व शुद्ध पेयजल उपलब्ध  कराया जाए। जिससे ग्रामीणों में किसी प्रकार के संक्रमण की संभावना न रहे।
                 - हौसिला प्रसाद मिश्र (आयुर्वेदाचार्य/साहित्यकार)।

6- 13 वर्षों से न्यायालय में लंबित मामले के चलते प्राथमिक विद्यालय लामा बनकठा के बच्चे खुले आसमान में पढ़ने को मजबूर हैं। विद्यालय का निर्माण शीघ्र कराया जाय।
               --- आञ्जनेय शर्मा (ग्रामीण) ।

थोड़ा है-----
-- प्राथमिक विद्यालय -1,
--- प्रबंधकीय विद्यालय- 1,
--- पंचायत भवन-1,
-- उप डाकघर -1 ।

थोड़े की जरूरत है----
--- जूनियर हाईस्कूल,
--- एएनएम सेंटर,
--- विद्युत आपूर्ति में सुधार,
--- आगनबाडी भवन,
--- सब्जी मंडी की स्थापना,
--- स्वच्छ पेयजल के लिए पानी की टंकी।
--- जल निकासी के लिए नालियों का निर्माण,
--- खेलकूद का मैदान,
--- हाईस्कूल का निर्माण,
--- प्रसाधन का निर्माण ।

गांव की प्रमुख हस्तियां-----
--- स्व. बाबू कामेश्वर सिंह - स्वतंत्रता संग्राम सेनानी/ सेवानिवृत्त पुलिस अधीक्षक,
--- विनय कुमार सिंह - सेवानिवृत्त मेजर जनरल/ संयुक्त सचिव रॉ,
--- अक्षय सिंह - सेना मेडल प्राप्त कर्नल, कपूरथला,
--- अमन सिंह - स्वैच्छिक सेवानिवृत्त महिला कैप्टन,
--- पूर्णेन्दु सिंह - क्षेत्राधिकारी, पुलिस सेवा, इलाहाबाद,
--- शुभ्रा सिंह - क्षेत्राधिकारी, पुलिस सेवा, इलाहाबाद,
--- सुरेश चंद्र मिश्र - हिंदी प्रवक्ता, हाथरस,
--- हंसराज मिश्र - ए.ई. पीडब्लूडी, इलाहाबाद,
--- मंडन मिश्र - प्राइवेट कंपनी में एरिया मैनेजर,
--- इंदुलेखा सिंह - सेवानिवृत्त प्रभारी सीडीपीओ,
--- बीएन राय - सेवानिवृत्त आपूर्ति निरीक्षक,
--- आद्या शंकर राय, पारसनाथ राय व राम सहाय - सेवानिवृत्त शिक्षक ।

No comments:

Post a Comment